1000264753

10 साल में पहली बार सोने में इतनी बड़ी गिरावट, चांदी भी रिकॉर्ड हाई से आधी हुई; जानिए वजह

खबर को शेयर करें
1000264753

NEW DELHI : सोने और चांदी की कीमतों में लंबे समय से जारी तेजी का दौर अब थमता नजर आ रहा है। पिछले एक दशक में पहली बार सोने की कीमतों में किसी एक तिमाही में इतनी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है जबकि चांदी भी अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से लगभग आधी रह गई है।

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक जून 2026 तिमाही में अब तक सोने की कीमत करीब 12 फीसदी गिर चुकी है। यह दिसंबर 2016 के बाद सबसे बड़ी तिमाही गिरावट मानी जा रही है। वहीं चांदी में 17.6 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है जो जून 2022 के बाद सबसे तेज गिरावट है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 28 जनवरी 2026 को सोने ने 5,417 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। इसके बाद से सोना करीब 24 फीसदी टूटकर 24 जून को 3,899 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

चांदी ने भी 28 जनवरी को 117 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड बनाया था लेकिन 24 जून तक इसकी कीमत गिरकर 57 डॉलर प्रति औंस से नीचे पहुंच गई। यानी चांदी अपने उच्चतम स्तर से करीब 47 फीसदी लुढ़क चुकी है।

रिपोर्ट के अनुसार सोना और चांदी जून तिमाही के अंत में नकारात्मक स्तर पर बंद हो सकते हैं। ऐसा होने पर लगातार पांच तिमाहियों यानी करीब 15 महीने से जारी तेजी का सिलसिला टूट जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले सोने और चांदी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। साल 2025 में सोने की कीमत 65 फीसदी से अधिक बढ़ी थी जबकि 2024 में इसमें 28 फीसदी का उछाल आया था। वहीं चांदी ने 2025 में करीब 148 फीसदी और 2024 में 22 फीसदी की बढ़त दर्ज की थी।

कमोडिटी विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिकी डॉलर की मजबूती अमेरिकी बॉन्ड पर बढ़ता रिटर्न और अमेरिका में ब्याज दरों में जल्द कटौती की संभावना कम होने के संकेत सोने और चांदी पर दबाव बना रहे हैं। निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश से हटकर अधिक रिटर्न देने वाले विकल्पों की ओर बढ़ रहा है जिसका असर कीमती धातुओं की कीमतों पर दिखाई दे रहा है।

25 जून को भारत के प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में शुरुआती कारोबार के दौरान सोने की कीमत 32 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,41,228 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।

वहीं, इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत में एक ही दिन में करीब 2,100 रुपये की गिरावट दर्ज की गई जिसके बाद 10 ग्राम सोना लगभग 1.40 लाख रुपये के स्तर पर आ गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति डॉलर की चाल और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां आने वाले महीनों में सोने-चांदी की दिशा तय करेंगी। फिलहाल बाजार में दबाव बना हुआ है और निवेशक आगे के संकेतों का इंतजार कर रहे हैं।