JHARKHAND: जमशेदपुर में मलेरिया से मौत के बाद सरकार सख्त सभी जिलों के डीसी को निगरानी और समीक्षा के निर्देश

RANCHI / JAMSHEDPUR : जमशेदपुर में मलेरिया से हुई मौत के बाद राज्य सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों (डीसी) को विशेष निर्देश जारी किए हैं।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी उपायुक्तों से मलेरिया नियंत्रण अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और इसकी नियमित समीक्षा करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि संक्रमण को समय रहते रोका जा सके और जनहानि की स्थिति उत्पन्न न हो।
सरकार के निर्देश के अनुसार अब प्रत्येक जिले में हर महीने उपायुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सिविल सर्जन और जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी अनिवार्य रूप से शामिल होंगे तथा मलेरिया नियंत्रण से संबंधित कार्यों की प्रगति चुनौतियों और आवश्यक कदमों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि मलेरिया नियंत्रण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जिलों को निगरानी समय पर जांच उपचार और जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

