जमशेदपुर अमूल गोदाम में आग : 25 दिन बाद दर्ज हुई FIR, चार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के MGM थाना क्षेत्र स्थित NH-33 सिमुलडांगा में अमूल मिल्क वेयरहाउस में 5 जुलाई की सुबह लगी भीषण आग के मामले में 25 दिन बाद नया मोड़ आ गया है। कंपनी की ओर से अब इस घटना को लेकर अपने ही अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया है।
शंकोसाई रोड नंबर-3 निवासी राकेश कुमार सिंह ने एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दी है। दर्ज एफआईआर में अमूल गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड के जोन हेड एन.एस. सिन्हा, बिहार-झारखंड-गुजरात के जोनल हेड रैबती रमण, सिमुलडांगा ब्रांच मैनेजर केशव सिंह सहित चार अधिकारियों को नामजद किया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार अधिकारियों की गंभीर लापरवाही के कारण वेयरहाउस में आग लगी। इस आगजनी में दूध, मक्खन, दही समेत डेयरी उत्पाद जलकर खाक हो गए। कंपनी को करीब ढाई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
5 जुलाई की सुबह अचानक लगी इस आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए नामजद अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर 25 दिन बाद जाकर कंपनी ने शिकायत क्यों दर्ज कराई।

