IMG 20260609 WA0036

आखिरकार 14 दिन बाद पुरुलिया से सकुशल मिली जमशेदपुर से लापता हुई 3 वर्षीय मासूम “आफरीन खातून”…

खबर को शेयर करें
IMG 20260609 WA0036

जमशेदपुर पुलिस की खोजबीन और परिवार की उम्मीद आखिरकार रंग लाई। बकरीद से पहले अपने माता-पिता के साथ खरीदारी करने निकली 3 वर्षीय मासूम आफरीन खातून 14 दिनों बाद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से सकुशल बरामद कर ली गई है। बच्ची के मिलने की खबर के बाद उसके माता-पिता और परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार आफरीन अपने माता-पिता के साथ बकरीद की खरीदारी करने निकली थी। इसी दौरान वह लापता हो गई थी। बच्ची के अचानक गायब होने के बाद परिवार के साथ-साथ पुलिस प्रशासन भी उसकी तलाश में जुट गया था। बीते 14 दिनों से परिजन हर संभावित जगह पर उसकी खोजबीन कर रहे थे वहीं पुलिस भी मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार जांच कर रही थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दंपति मासूम आफरीन को अपने साथ पुरुलिया ले गया था। बताया जा रहा है कि दंपति की लंबे समय से कोई संतान नहीं थी जिसके कारण वे बच्ची को अपने साथ ले गए थे। हालांकि मामले की पूरी सच्चाई और दंपति की मंशा को लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है।

मामले को जल्द सुलझाने के लिए दो दिन पहले सिटी एसपी ललित मीणा के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। एसआईटी के गठन के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच तेज की और आखिरकार मंगलवार को पुरुलिया से आफरीन को सकुशल बरामद कर लिया।

मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।