FIFA World Cup 2026 : मोहम्मद सालाह का जलवा, New Zealand को हराकर इजिप्ट ने दर्ज की ऐतिहासिक पहली जीत

वैंकूवर : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इजिप्ट ने इतिहास रचते हुए न्यूजीलैंड को 3-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ इजिप्ट ने विश्व कप इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की। साल 1934 में वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाली इजिप्ट की टीम को यह उपलब्धि हासिल करने में 92 साल लग गए। कनाडा के वैंकूवर स्थित BC प्लेस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान मोहम्मद सालाह जीत के सबसे बड़े नायक साबित हुए।
मैच की शुरुआत New Zealand के दबदबे के साथ हुई। सातवें मिनट में सरप्रीत सिंह ने गोल का मौका बनाया लेकिन इजिप्ट के गोलकीपर मोस्तफा शोबेर ने शानदार बचाव किया। इसके बाद 15वें मिनट में टिम पायने की कॉर्नर किक पर फिन सुरमन ने हेडर के जरिए गोल कर न्यूजीलैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में न्यूजीलैंड ने लगातार दबाव बनाए रखा और इजिप्ट को वापसी का मौका नहीं दिया।
हालांकि दूसरे हाफ में इजिप्ट बदली हुई रणनीति के साथ मैदान पर उतरी। 58वें मिनट में मोहम्मद हानी के सटीक क्रॉस पर मोस्तफा जिको ने हेडर से गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 67वें मिनट में जिको के पास पर कप्तान मोहम्मद सालाह ने शानदार फिनिशिंग करते हुए इजिप्ट को 2-1 की बढ़त दिला दी।
पीछड़ने के बाद न्यूजीलैंड ने बराबरी के लिए पूरा प्रयास किया लेकिन इजिप्ट की मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपर शोबेर ने उसके सभी हमलों को विफल कर दिया। मैच के 82वें मिनट में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी महमूद ट्रेजेगेट ने बेहतरीन हेडर के जरिए तीसरा गोल दागकर इजिप्ट की जीत पर मुहर लगा दी।
इजिप्ट के कप्तान मोहम्मद सालाह ने मैच में एक गोल दागने के साथ एक असिस्ट भी किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के बाद इजिप्ट की टीम ग्रुप G में 4 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। अब उसकी नजर 27 जून को ईरान के खिलाफ होने वाले अंतिम ग्रुप मुकाबले पर होगी। यदि टीम अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखती है तो राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की उसकी संभावनाएं और मजबूत हो जाएंगी।


