चाकुलिया में हाथी ने मचाया उत्पात, एफसीआई गोदाम का शटर तोड़कर खाया चावल

चाकुलिया में एक जंगली हाथी के बाजार क्षेत्र में पहुंचने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रामलाल नाम का हाथी नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित एफसीआई गोदाम तक पहुंच गया। वहां उसने गोदाम का शटर तोड़ दिया और अंदर रखे चावल को खाने लगा।
हाथी के इलाके में आने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थिति की जानकारी मिलने पर वन विभाग की क्यूआरटी टीम भी तुरंत वहां पहुंची। काफी प्रयास के बाद टीम ने हाथी को सुरक्षित रूप से वहां से हटाकर जंगल की ओर भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामलाल हाथी पिछले कुछ दिनों से भोजन और पानी की तलाश में जंगल से निकलकर गांवों और बाजार क्षेत्रों में भटक रहा है। इसी कारण वह आबादी वाले इलाकों में बार-बार दिखाई दे रहा है। हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों में हाथी की आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई है।

