Durand Cup 2025: जमशेदपुर एफसी ने इंडियन आर्मी फोर्स टीम को 1-0 से हराया, ग्रुप में टॉप पर…

Jamshedpur news:जमशेदपुर के J.R.D. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को खेले गए डूरंड कप के मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने कड़े संघर्ष के बाद इंडियन आर्मी फोर्स टीम को 1-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल कर लिया।
मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल 52वें मिनट में सनन मोहम्मद ने किया। पहले हाफ में दोनों टीमों को ज्यादा मौके नहीं मिले। विंसी बैरेटो का एक शॉट गोलपोस्ट के ऊपर चला गया जबकि गोलकीपर अमृत गोप ने शानदार बचाव कर टीम को बचाए रखा।
दूसरे हाफ में जमशेदपुर एफसी ने आक्रामक खेल दिखाया। कोच ने बदलाव करते हुए सुहैर वीपी और निखिल बारला को मैदान में उतारा। इसी दौरान बॉक्स के अंदर ढीली गेंद मिलने पर सनन मोहम्मद ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद जमशेदपुर एफसी ने बढ़त बढ़ाने की कोशिश की लेकिन इंडियन आर्मी फोर्स टीम के गोलकीपर ने कई मौकों पर गोल होने से बचाया।
अतिरिक्त समय में इंडियन आर्मी फोर्स टीम के गोलकीपर को रेड कार्ड मिला, जबकि आखिरी मिनटों में सुहैर का जोरदार शॉट क्रॉसबार से टकरा गया। अंत तक स्कोर 1-0 ही रहा।
इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी दो मैचों में छह अंक लेकर ग्रुप में पहले स्थान पर है। अब टीम 8 अगस्त को लद्दाख एफसी के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी।

