शादी का सपना, ठगी का जाल!! ‘डॉ. रोहित’ बना अभिषेक, शादी का झांसा देकर 3.6 करोड़ की ठगी…

Azad Reporter desk: एक युवक को पुणे साइबर पुलिस ने शादी का झांसा देकर 3.6 करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर एक महिला को भरोसे में लिया और उससे करोड़ों की ठगी की।
पुलिस के अनुसार आरोपी का असली नाम अभिषेक शुक्ला है और वह उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है। उसने ‘डॉ रोहित ओबेरॉय’ के नाम से एक फर्जी प्रोफाइल बनाई थी और खुद को एक सफल डॉक्टर बताया था। वह ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट रखता है और पर्थ (Perth) ऑस्ट्रेलिया में रहता है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और फिलहाल पुणे में रहती हैं। उन्होंने 2023 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी जहां आरोपी ने उनसे संपर्क किया। धीरे-धीरे दोनों में नज़दीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ रहना शुरू कर दिया।
महिला को पहले विवाह से ₹5 करोड़ का एलिमनी मिला था और वह बच्चों के लिए माइंडफुलनेस व स्पिरिचुअल प्रोग्राम्स की एक इंटरनेशनल संस्था खोलना चाहती थीं। आरोपी ने इसी जानकारी का फायदा उठाया और उसे एक फर्जी बिज़नेस आइडिया में निवेश के लिए तैयार कर लिया।
अभिषेक शुक्ला ने महिला को अपने दो फर्जी ‘साथियों’ ‘यवोन हंदायनी’ और ‘विंसेंट कुआन’ से भी मिलवाया जो कथित रूप से सिंगापुर में रहते थे। इन लोगों के नाम पर महिला से कई बार पैसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाए गए। कुल मिलाकर महिला ने ₹3.6 करोड़ (3,60,18,540 रुपये) की राशि ट्रांसफर की।
बाद में आरोपी ने खुद को कैंसर से पीड़ित बताया और धीरे-धीरे संपर्क तोड़ दिया। सितंबर 2024 में महिला को ‘विंसेंट’ के नाम से एक ईमेल मिला जिसमें बताया गया कि ‘डॉ रोहित ओबेरॉय’ की मृत्यु हो चुकी है।
महिला को संदेह हुआ और जब उसने एक दोस्त को पूरी बात बताई तो दोस्त ने उसे ठगी का शिकार होने की चेतावनी दी। इसके बाद महिला ने नवंबर 2024 में पुणे साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में आरोपी की असली पहचान सामने आई और उस पर लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया।
बीते बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सिंगापुर से मुंबई आ रहा है। इसके बाद सब-इंस्पेक्टर सुशील डामरे के नेतृत्व में एक टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।