देवघर : शहीदों के बलिदान को किया गया नमन, उनके बताए रास्ते पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि

शहादत दिवस के अवसर पर रोहिणी शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने वीर शहीद सलामत अली, अमानत अली और शेख हारून को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को याद किया।
उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उनके बताए रास्ते पर चलना और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही उन्होंने लोगों से देवघर के पर्यटन स्थलों को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव जिला प्रशासन को देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि आज हम जिस आजादी का आनंद ले रहे हैं, वह हमारे वीर शहीदों के बलिदान की देन है। इसलिए हमें हमेशा उनके संघर्ष और त्याग को याद रखना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

