जमशेदपुर में स्लीपर सेल का खतरा! शहर में 18 संदिग्धों की पहचान, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर…

Jamshedpur news: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी बीच जमशेदपुर में 18 स्लीपर सेल के सक्रिय होने की आशंका जताई गई है। यह जानकारी खुफिया एजेंसियों से मिली है। इन लोगों के ठिकाने बिष्टूपुर, आजादनगर, मानगो और कदमा इलाके में बताए जा रहे हैं।
स्पेशल ब्रांच ने इन सभी संदिग्धों की पहचान कर ली है और इनकी रिपोर्ट जिला पुलिस को भेज दी गई है। इसके आधार पर पुलिस अब इनकी गतिविधियों की जांच कर रही है। पुलिस इनके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और संपर्क में रहने वाले लोगों पर नजर रख रही है।
स्लीपर सेल क्या है?
स्लीपर सेल ऐसे लोग होते हैं जो आम नागरिकों की तरह रहते हैं लेकिन जब किसी आतंकी संगठन से आदेश मिलता है तो अचानक सक्रिय हो जाते हैं और कोई बड़ा हमला कर सकते हैं।
18 संदिग्धों में से कितने कहां—
•बिष्टूपुर : 2
•आजादनगर : 12
•मानगो : 3
•कदमा : 1
इनमें से दो संदिग्ध अभी देश से बाहर हैं।
सिटी SP कुमार शिवाशीष ने बताया कि सभी संदिग्धों का सत्यापन कर लिया गया है और उन पर नजर रखी जा रही है। अगर कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
जमशेदपुर में पहले भी आतंकी गतिविधियों से जुड़े लोग पकड़े जा चुके हैं
•2016 में बिष्टूपुर से अहमद मसूद अकरम शेख को पकड़ा गया।
•मानगो के नसीम अख्तर को हथियार सप्लाई के आरोप में पकड़ा गया था लेकिन कोर्ट ने सबूत न मिलने पर बरी कर दिया।
•हरियाणा से मोहम्मद सामी और टाटानगर से मौलाना कलीमुद्दीन को भी पकड़ा गया दोनों बाद में रिहा हो गए।
•2020 में अब्दुल माजिद कुट्टी को मानगो से गिरफ्तार किया गया था।
जमशेदपुर में स्लीपर सेल के इनपुट के बाद पुलिस और एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं। आम लोगों से भी अपील की गई है कि अगर किसी की गतिविधि संदिग्ध लगे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।