झारखंड में भारी बारिश, वज्रपात और आंधी का खतरा, अगले 4 दिनों तक रेड अलर्ट जारी…

Jharkhand: झारखंड में मौसम ने फिर करवट ले ली है। अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरे राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और झारखंड से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन के कारण मौसम प्रणाली काफी सक्रिय हो गई है। इसका असर राज्य के सभी जिलों में देखने को मिलेगा।
पिछले 24 घंटों में कहां कितनी बारिश हुई :
•रांची (मांडर) : 140 मिमी
•हजारीबाग : 50 मिमी
•अन्य जिलों में : 30 से 40 मिमी तक बारिश दर्ज की गई
बारिश के साथ-साथ वज्रपात की घटनाएं भी सामने आई हैं। बीते 24 घंटों में झारखंड में वज्रपात की चपेट में आकर 5 लोगों की मौत हो गई जिनमें से 4 महिलाएं खेत में काम कर रही थीं।
रांची मौसम विज्ञान ने कहा कि लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। यदि मोबाइल पर यह अलर्ट आता है कि अगले 3 घंटे में बारिश या वज्रपात हो सकता है तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिए। खासतौर पर किसान और खुले मैदानों में काम करने वाले लोग सतर्क रहें।
अगले चार दिनों तक झारखंड के लगभग सभी जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है। मुख्य रूप से रांची, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), गुमला, लोहरदगा, साहिबगंज और पलामू जिलों में ज्यादा असर रहेगा।
21 से 25 जुलाई तक तेज हवाएं (30 से 60 किमी प्रति घंटा) चलने की आशंका है। इसके साथ बिजली गिरने और वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से खेतों, खुले और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
IMD ने साफ किया है कि जनसुरक्षा और फसलों की रक्षा के लिए प्रशासन को पहले से तैयार रहना चाहिए। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए फसल संबंधी निर्णय लेने की अपील की गई है।

