50718

CUET UG 2026 का रिजल्ट जारी, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म

खबर को शेयर करें
50718

देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CUET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों में दाखिले की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

CUET UG 2026 के अंकों के आधार पर देश के 47 से अधिक केंद्रीय, राज्य, निजी और डीम्ड विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को संबंधित विश्वविद्यालयों की काउंसलिंग और एडमिशन प्रक्रिया से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आवेदन संख्या और पासवर्ड या जन्मतिथि की मदद से लॉगिन कर स्कोरकार्ड डाउनलोड किया जा सकता है। स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, आवेदन संख्या, विषयवार अंक, पर्सेंटाइल स्कोर, नॉर्मलाइज्ड मार्क्स समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध होंगी।

इस वर्ष CUET UG परीक्षा का आयोजन भारत और विदेश के कुल 321 शहरों में किया गया था। परीक्षा में 13 भाषाओं, 23 डोमेन विषयों और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट समेत कुल 37 विषय शामिल थे। परीक्षा 11 मई से शुरू हुई थी, जबकि बकरीद के कारण स्थगित हुई कुछ परीक्षाएं 6 और 7 जून को आयोजित की गई थीं।

यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित बहुविकल्पीय (CBT) मोड में आयोजित की गई थी। इसमें प्रत्येक सही उत्तर के लिए 5 अंक दिए गए, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की कटौती की गई। बिना उत्तर वाले प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं दिया गया।

रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्रों की नजरें विभिन्न विश्वविद्यालयों की प्रवेश प्रक्रिया और काउंसलिंग कार्यक्रम पर टिकी हुई हैं।