1000264431

धोनी के आने की अफवाह से उमड़ी भीड़, बंद गेट और अव्यवस्था के बीच JSCA स्टेडियम में मची भगदड़

खबर को शेयर करें
1000264431

RANCHI : झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट मुकाबले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंच गए। बताया जा रहा है कि पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के आने की चर्चा और फ्री एंट्री की अफवाहों के कारण हजारों की संख्या में लोग मैच देखने पहुंचे जिससे स्टेडियम के बाहर भीड़ बेकाबू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ प्रवेश द्वार बंद होने और अचानक बढ़ी भीड़ के दबाव के कारण धक्का-मुक्की शुरू हो गई जो देखते ही देखते भगदड़ जैसी स्थिति में बदल गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बताई गई जिसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों और प्रशासन ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही लेकिन बाद में हालात सामान्य कर लिए गए और मैच का आयोजन जारी रहा।JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फाइनल मुकाबले के दौरान अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में दर्शक पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि 10 जून से लीग मैचों का आयोजन हो रहा था लेकिन इससे पहले कभी इतनी बड़ी भीड़ नहीं उमड़ी थी।

वहीं आयोजन समिति के सदस्य कमल ने कहा कि दर्शकों की संख्या अचानक बढ़ जाने से कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी थी। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय कर हालात पर जल्द काबू पा लिया गया और मैच बिना किसी बाधा के संपन्न कराया गया।घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था भीड़ प्रबंधन और प्रवेश व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।