54789

विदेश जाने का सपना अब पड़ेगा महंगा! 1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा

खबर को शेयर करें
54789

विदेश यात्रा, उच्च शिक्षा या नौकरी के लिए पासपोर्ट बनवाने की योजना बना रहे लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट बनवाने और रिन्यू कराने की फीस में बढ़ोतरी कर दी है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी पासपोर्ट नियम 2026 के अनुसार नई शुल्क दरें 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएंगी।

नए नियमों के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के आवेदकों को अब 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए 1,500 रुपये के बजाय 2,500 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं तत्काल सेवा के तहत यही पासपोर्ट बनवाने पर 5,000 रुपये का शुल्क लगेगा।

60 पेज वाले जंबो पासपोर्ट की फीस भी बढ़ा दी गई है। पहले इसके लिए 2,000 रुपये शुल्क लिया जाता था जबकि अब इसके लिए 3,500 रुपये देने होंगे। तत्काल सेवा में यह शुल्क 6,000 रुपये निर्धारित किया गया है।

18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 36 पेज वाले नए पासपोर्ट का शुल्क 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,750 रुपये कर दिया गया है। वहीं तत्काल सेवा के तहत बच्चों का पासपोर्ट बनवाने पर 4,250 रुपये का भुगतान करना होगा। नाबालिगों का पासपोर्ट पांच वर्ष या 18 वर्ष की आयु तक वैध रहता है जो भी अवधि पहले पूरी हो।

यदि पासपोर्ट गुम हो जाता है या क्षतिग्रस्त हो जाता है तो उसका रिप्लेसमेंट बनवाना भी पहले से महंगा होगा। 36 पेज वाले रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए सामान्य सेवा में 5,000 रुपये और तत्काल सेवा में 7,500 रुपये शुल्क देना होगा।

वहीं 60 पेज वाले रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 6,000 रुपये और तत्काल शुल्क 8,500 रुपये निर्धारित किया गया है। बच्चों के रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 4,250 रुपये और तत्काल सेवा शुल्क 6,750 रुपये तय किया गया है।

सरकार ने पासपोर्ट से जुड़े अन्य दस्तावेजों की फीस में भी संशोधन किया है। अब पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट और ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम वेरिफिकेशन के लिए 750 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी के लिए 1,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

सरकार ने 8 वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को राहत देते हुए 10 प्रतिशत शुल्क छूट की व्यवस्था जारी रखी है। नई दरें लागू होने के बाद भी इन वर्गों को यह लाभ मिलता रहेगा।

नई फीस लागू होने के बाद विदेश यात्रा, पढ़ाई और रोजगार के लिए पासपोर्ट बनवाने वाले लोगों को अपने बजट में अतिरिक्त खर्च का ध्यान रखना होगा। हालांकि वयस्कों के पासपोर्ट की वैधता पहले की तरह 10 वर्ष ही रहेगी।