14714

SIR प्रक्रिया पर कांग्रेस की नजर, वैध मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हुई तो होगा आंदोलन: जम्मी भास्कर

खबर को शेयर करें
14714

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोल्हान प्रमंडल प्रवक्ता जम्मी भास्कर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता होता है और किसी भी वैध मतदाता को उसके संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

शनिवार को जारी बयान में जम्मी भास्कर ने कहा कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में बड़ी संख्या में मध्यम वर्ग, दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक, प्रवासी मजदूर, महिलाएं, बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर लोग निवास करते हैं। इनमें से कई लोगों के पास दशकों पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में यदि दस्तावेजी जटिलताओं के आधार पर मतदाताओं के नाम वोटर सूची से हटाने का प्रयास किया जाता है तो यह लोकतंत्र की भावना के खिलाफ होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी को आशंका है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया का दुरुपयोग कर विपक्षी विचारधारा या इंडिया गठबंधन के समर्थक मतदाताओं को अनावश्यक आपत्तियों और दस्तावेजी बाधाओं में उलझाया जा सकता है। इसलिए कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखेगी।

जम्मी भास्कर ने कांग्रेस के सभी बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वैध मतदाता का नाम वोटर सूची से न कटे। साथ ही कमजोर वर्गों के मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए और किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल संगठन और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी सुरीविला प्रसाद तथा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए SIR प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रख रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर पक्षपात, भेदभाव, मनमानी या वैध मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस पार्टी उसका जोरदार विरोध करेगी और आवश्यकता पड़ने पर राज्यव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन भी चलाएगी।

जम्मी भास्कर ने निर्वाचन आयोग से मांग की कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और जनहितकारी होनी चाहिए। किसी भी वैध मतदाता का नाम केवल तकनीकी त्रुटि, दस्तावेजों की कमी या प्रशासनिक लापरवाही के आधार पर मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान अधिकार सुरक्षित रहे।

अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड का एक भी वैध मतदाता वोटर सूची से बाहर नहीं होना चाहिए। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और संविधान की भावना को बनाए रखने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगी।