गुमला में 11वीं के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

गुमला जिले के रायडीह प्रखंड के कुलमुंडा बेरोटोली गांव में 17 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छात्र कहीं से घर लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। जब उन्होंने दूसरे रास्ते से कमरे के अंदर देखा तो छात्र फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
परिजनों और गांव के लोगों के अनुसार, छात्र रायडीह स्थित एसएस हाई स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। वह पढ़ाई में अच्छा और शांत स्वभाव का था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और पूरे गांव में मातम छा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।

