51999

Sports:- झारखंड प्रीमियर लीग का खिताब छोटानागपुर रॉयल्स के नाम, फाइनल मैच के दौरान स्टेडियम में भगदड़ जैसे हालात, 22 घायल

खबर को शेयर करें
51999

रांची: झारखंड प्रीमियर लीग (जेपीएल) 2026 का खिताब छोटानागपुर रॉयल्स ने अपने नाम कर लिया। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स ने जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। हालांकि मैच के दौरान स्टेडियम के बाहर अव्यवस्था के कारण भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिसमें करीब 22 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, फाइनल मुकाबले में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया था। वहीं सोशल मीडिया पर यह खबर भी तेजी से फैली कि पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मैच देखने स्टेडियम पहुंच सकते हैं। इसके चलते उम्मीद से कहीं अधिक संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंच गए।

शाम होते-होते स्टेडियम के नॉर्थ, वेस्ट और साउथ गेट पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में दर्शकों को एक गेट से प्रवेश दिया जा रहा था, लेकिन भीड़ बढ़ने पर लोगों को दूसरे गेटों की ओर भेजा गया। इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और हालात बेकाबू हो गए। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग टूट गई और कुछ लोगों ने स्टेडियम की दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश भी की।

घटना के दौरान कई लोगों की चप्पलें और जूते मौके पर ही छूट गए। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो में स्टेडियम के बाहर अव्यवस्था का माहौल साफ दिखाई दिया।

इस घटना में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत राज अस्पताल, पारस अस्पताल और रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई लोगों का प्राथमिक उपचार स्टेडियम परिसर में ही किया गया।

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की कई टीमों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं, हालांकि एक युवती को पेट में गंभीर चोट लगने के कारण निगरानी में रखा गया है।

घटना को लेकर जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि फाइनल मुकाबले में अप्रत्याशित भीड़ उमड़ने के कारण ऐसी स्थिति बनी। उन्होंने बताया कि 10 जून से लीग के मुकाबले चल रहे थे, लेकिन इससे पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में दर्शक नहीं पहुंचे थे। वहीं आयोजन समिति के सदस्य कमल ने कहा कि दर्शकों की संख्या अचानक बढ़ने से कुछ समय के लिए स्थिति असामान्य हो गई थी, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया और मैच का आयोजन सामान्य रूप से पूरा कराया गया।