1000205582

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग की बैठक में दिए निर्देश, महिला कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का लिया फैसला…

खबर को शेयर करें
1000205582

Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों में महिला महाविद्यालयों और महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रांची, चाईबासा, गिरिडीह, धनबाद, दुमका, हजारीबाग सहित अन्य जिलों में प्रस्तावित कार्य समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च और तकनीकी शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है। इसके तहत नवनिर्मित कॉलेजों और संस्थानों में सेंट्रलाइज्ड वॉटर टैंक, यूटिलिटी सेंटर, ग्रीन कैंपस और एनर्जी एफिशिएंसी जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसकी पूरी व्यवस्था की जाए। साथ ही, कैंपस की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित हो।

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि रांची महिला कॉलेज के नवनिर्माण पर 364 करोड़, चाईबासा में 281 करोड़, गिरिडीह में 250 करोड़, धनबाद में 199 करोड़, दुमका में 43.62 करोड़, हजारीबाग में 32 करोड़, मेदनीनगर में 29.18 करोड़, देवघर में 23.78 करोड़ और जमशेदपुर महिला कॉलेज के जीर्णोद्धार पर 16.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

राज्य के महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों को स्टेट ऑफ द आर्ट संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना भी प्रस्तुत की गई। इसमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो और दुमका के संस्थान शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार और विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।