1000263964

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार देवघर पहुंचे, मधुपुर में बीएलओ और सुपरवाइजरों को दिया विशेष प्रशिक्षण

खबर को शेयर करें
1000263964

DEOGHAR : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार मंगलवार को देवघर पहुंचे जहां जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मधुपुर प्रखंड में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और सुपरवाइजरों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रशिक्षण सत्र में उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और मतदाता सूची पुनरीक्षण फॉर्म प्रोसेसिंग तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजरों ने निर्वाचन कार्यों से संबंधित अपनी शंकाएं और चुनौतियां मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष रखीं। के. रवि कुमार ने उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी त्रुटिरहित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

देवघर दौरे के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मंगलवार शाम दुमका पहुंचेंगे जहां विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आयोजित प्रमंडलीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। बैठक में निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के दौरे को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। निर्वाचन तैयारियों को लेकर विभिन्न स्तरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि आगामी चुनावी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जा सकें।