चांडिल: बाबूडीह-चौका मार्ग पर मिला व्यक्ति का शव, एक दिन पहले दोस्त के साथ घर से निकला था

सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र स्थित बाबूडीह-चौका मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाबूडीह निवासी मकर महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बांदावीर गांव निवासी प्रफुल्ल महतो मकर महतो को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर से ले गया था। परिजनों को बताया गया था कि दोनों जल्द ही लौट आएंगे, लेकिन देर शाम तक मकर महतो के घर नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की गई।
शुक्रवार सुबह बाबूडीह-चौका मुख्य मार्ग के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना तिरुलडीह थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कौशल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही, मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

