IMG 1439

चाईबासा न्यूज़: नोवामुंडी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति फरार, पुलिस जांच में जुटी

खबर को शेयर करें
IMG 1439

पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी थाना क्षेत्र के सोसोपी गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। 19 वर्षीय लक्ष्मी सिरका का शव घर के बंद कमरे से बरामद हुआ। घटना के बाद से उसका पति घर छोड़कर फरार है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी ने करीब एक साल पहले सोसोपी गांव के रहने वाले सोमा बारजो से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों गांव में ही रह रहे थे। लक्ष्मी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था, इसलिए उनका पालन-पोषण रिश्तेदारों ने किया था।

मृतका के चाचा ने आरोप लगाया है कि पति ने लक्ष्मी की हत्या कर शव को कमरे में बंद कर दिया और फरार हो गया। जब मायके वाले उससे मिलने पहुंचे तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। बाद में कमरे के अंदर लक्ष्मी का शव मिला।

पुलिस के पहुंचने से पहले गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू हो चुकी थी, लेकिन पुलिस ने उसे रुकवाकर शव को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि शव करीब तीन दिन पुराना लग रहा है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। फिलहाल पुलिस फरार पति की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।