5345A059 86FD 40DD B854 61F9103012EF

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के पांच विद्यालयों ने मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार में बनाई जगह, प्रधानाध्यापकों को किया गया सम्मानित

खबर को शेयर करें
5345A059 86FD 40DD B854 61F9103012EF

चाईबासा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार (एमएसवीपी) 2025-26 के लिए चयनित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी की मौजूदगी में विद्यालयों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और पौधे भेंट कर सम्मान दिया गया।

स्वच्छता, स्वास्थ्य और हाइजीन के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले के पांच विद्यालयों ने पांच सितारा रेटिंग हासिल की है। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर इन विद्यालयों का चयन पुरस्कार के लिए किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ विद्यालयी वातावरण बच्चों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता की सीख केवल स्कूल परिसर तक सीमित नहीं रहती, बल्कि बच्चे इसके माध्यम से समाज तक सकारात्मक संदेश पहुंचाते हैं।

उपायुक्त ने विद्यालयों से स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल बच्चों में अच्छी आदतों को विकसित करने के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी काम करती हैं।

मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के तहत चयनित विद्यालयों को राज्य स्तर पर भी सम्मानित किया जाएगा। योजना के अनुसार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चक्रधरपुर, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तथा पीएमश्री राजकीय सेकेंडरी स्कूल, टाटा कॉलेज कॉलोनी को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। वहीं प्राथमिक विद्यालय सिम्बिया और साई मॉन्टेसरी इंग्लिश मीडियम स्कूल को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।