चाईबासा: शराब के नशे में ससुर ने बहू और 10 साल की बच्ची की जान ली, आरोपी गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना हुई। शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी बहू और 10 साल की बच्ची पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव के लोगों के अनुसार, आरोपी रमाय बिरुवा अक्सर शराब पीकर घर आता था और परिवार के लोगों से झगड़ा करता था। शनिवार को भी वह नशे में घर पहुंचा और गुस्से में आकर अपनी बहू निनका बिरुवा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच में आई 10 साल की शर्मिला बिरुवा पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
घटना के समय निनका का पति खेत में काम करने गया था। घर लौटने पर उसने पत्नी और बच्ची को मृत पाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

