बोकारो न्यूज़: चास और मुफस्सिल थाना में लगा थाना दिवस, जमीन विवाद के मामलों पर हुई सुनवाई

बोकारो जिले के चास और मुफस्सिल थाना परिसर में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जमीन से जुड़े विवादों की सुनवाई की गई और लोगों की शिकायतें सुनकर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई शुरू की गई। कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट जया कुमारी, चास एएसपी वेदांत शंकर, चास थाना प्रभारी दिनेश सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल समेत दोनों थानों के कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
थाना दिवस के दौरान जमीन विवाद से जुड़े कुल पांच मामले अधिकारियों के सामने आए। सभी मामलों में दोनों पक्षों की बात ध्यान से सुनी गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई। कुछ मामलों में पुलिस की जांच अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए उन पर जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चास एएसपी वेदांत शंकर ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य जमीन संबंधी विवादों का जल्द और शांतिपूर्ण समाधान करना है, ताकि छोटे विवाद आगे चलकर किसी बड़े तनाव या अपराध का कारण न बनें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर मामले में निष्पक्ष और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है।

