बोकारो: अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम का अभियान, सड़क और नालियों से हटाई गईं दुकानें

बोकारो के चास नगर निगम क्षेत्र में बुधवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया। नगर निगम की टीम ने सबसे पहले चेक पोस्ट इलाके में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे और नालियों के ऊपर बनाई गई अस्थायी दुकानों और गुमटियों को हटाया। कई जगहों पर बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण साफ कराया गया, जिससे सड़क और नालियां खाली कराई जा सकें।
इस कार्रवाई का असर छोटे दुकानदारों पर भी पड़ा, जिनकी रोजी-रोटी फिलहाल प्रभावित हुई है। हालांकि निगम का कहना है कि यह अभियान शहर को साफ-सुथरा रखने और बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या कम करने के लिए जरूरी है।
मौके पर मौजूद मेयर भोलू पासवान ने बताया कि कई लोगों ने नालियों के ऊपर निर्माण कर रखा है, जिससे पानी की निकासी बाधित होती है। उन्होंने दुकानदारों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की और चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

