कर्नाटक में चलती कार में धमाका: अपहरण के बाद महिला पर किया हमला, विस्फोट में आरोपी की मौत, युवती और ड्राइवर घायल

Bengaluru/Tumakuru: कर्नाटक में बेंगलुरु से तुमकुरु जा रही एक कार में हुए भीषण विस्फोट में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला और कैब चालक घायल हो गए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक ने पहले महिला का कथित रूप से अपहरण किया फिर उस पर चाकू से हमला किया और इसके कुछ ही देर बाद कार में विस्फोट हो गया। पुलिस को आशंका है कि कार में विस्फोटक सामग्री या पेट्रोल बम मौजूद था।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नागेंद्र के रूप में हुई है। वह पहले राम्या के साथ रिश्ते में था लेकिन दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। राम्या बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हैं और उन्होंने नागेंद्र का फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।
शनिवार सुबह नागेंद्र कथित तौर पर जयनगर स्थित राम्या के किराये के घर पहुंचा। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने जबरन राम्या को एक कैब में बैठा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर राम्या के परिजनों ने जयनगर थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक सफर के दौरान नागेंद्र ने राम्या को जान से मारने और खुद भी आत्महत्या करने की धमकी दी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह कार में कथित तौर पर पेट्रोल बम या विस्फोटक सामग्री लेकर चल रहा था।
तुमकुरु जिले के सिरा तालुक स्थित जोगिहल्ली के पास पहुंचने पर नागेंद्र ने कथित रूप से राम्या पर चाकू से हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख कैब चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। मौका मिलते ही राम्या कार से बाहर निकल गई।
महिला के कार से बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद कार में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। नागेंद्र कार के अंदर ही फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कैब चालक प्रवीण भी घायल हो गया। दोनों घायलों का इलाज तुमकुरु जिला अस्पताल में चल रहा है।
धमाके के बाद हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने घटनास्थल से बम जैसी विस्फोटक सामग्री बरामद की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और फॉरेंसिक टीम विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

