लोहरदगा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, सात मोटरसाइकिल बरामद…

Jharkhand: लोहरदगा जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लोहरदगा पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार चोरों की पहचान अफराज अंसारी, सईदुल अंसारी, मकबूल अंसारी और आफताब अंसारी के रूप में हुई है। ये सभी गुमला जिले के सिसई और पुसो थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार हैं।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लोहरदगा के साथ-साथ रांची और गुमला जिले में भी बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वे एक जिले से बाइक चुराकर दूसरे जिले में बेचते थे।
लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि जिले में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। इसी टीम ने छापेमारी कर चारों चोरों को पकड़ा और सात बाइक जब्त की।
पुलिस की ओर से ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

