1000262950

BIHAR : JDU की राष्ट्रीय परिषद बैठक पर सबकी नजर, निशांत कुमार की मौजूदगी से बढ़ी राजनीतिक हलचल

खबर को शेयर करें
1000262950

PATNA : जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में रविवार को राज्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने सदस्यता अभियान को गति देने और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को एक बार फिर जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भी सहमति बन सकती है।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि सबसे अधिक चर्चा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की मौजूदगी को लेकर रही। उनके पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने से राजनीतिक गलियारों में नई अटकलें शुरू हो गई हैं।

दोपहर 3 बजे जेडीयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक आयोजित होगी जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं शामिल होंगे। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है। साथ ही पार्टी के भीतर यह चर्चा भी तेज है कि नीतीश कुमार को जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के फैसले को औपचारिक स्वीकृति दी जा सकती है।

राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बाद निशांत कुमार पहली बार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। वहीं मंत्री अशोक चौधरी पहले ही निशांत कुमार को भविष्य का नेता बता चुके हैं जिससे उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह भी बैठक में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने मीडिया से ज्यादा बातचीत नहीं की और केवल इतना कहा कि बैठक के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जेडीयू कार्यालय के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पार्टी के बड़े-बड़े पोस्टरों और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी के बीच पूरे परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज नजर आ रही हैं।

राजनीतिक जानकारों की नजर अब राष्ट्रीय परिषद की बैठक पर टिकी है जहां संगठनात्मक बदलावों के साथ-साथ भविष्य की राजनीतिक रणनीति और संभावित नई जिम्मेदारियों को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं। हालांकि निशांत कुमार को किसी बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।