पटमदा में शिक्षक के बंद घर में बड़ी चोरी, गहने और कीमती सामान ले गए चोर…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के पटमदा थाना क्षेत्र के रांगाटांड़ गांव में एक शिक्षक के बंद घर को चोरों ने निशाना बना लिया। घटना उस समय सामने आई जब मकान मालिक शुक्रवार सुबह मकान देखने पहुंचे। घर का दरवाजा खुला मिला अंदर जाकर देखा तो एक बक्से का ताला टूटा था और सामान बिखरा हुआ था।
यह घर शिक्षक सुधांशु महतो का है, जो सुंदरपुर काशीडीह निवासी बाणेश्वर महतो के मकान में किराए पर रहते हैं। ससुर के निधन के बाद सुधांशु महतो का परिवार पिछले एक महीने से अपने गांव चौरा में रह रहा था। परिवार का बेटा कभी-कभी घर आकर ताला लगाकर चला जाता था।
शुक्रवार सुबह जब मकान मालिक पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली जिसके बाद उन्होंने सुधांशु महतो के बेटे को सूचना दी। शाम को घटना की जानकारी पटमदा थाना को दी गई।
सुधांशु महतो की पत्नी सुमित्रा महतो के अनुसार चोर घर से चांदी की पायल, सोने की बाली, माथा पट्टी और अन्य सामान चुरा ले गए। चोरी की यह घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।