अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर किया बड़ा हमला, पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ा…

पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव अब जंग का रूप ले चुका है। अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर हवाई हमला कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस ऑपरेशन को सफल बताया और कहा कि अब शांति का समय है।
जानकारी के अनुसार अमेरिका ने ईरान के फोर्डो (Fordow), नतांज (Natanz) और इस्फहान (Isfahan) स्थित परमाणु साइट्स को निशाना बनाया। ये तीनों ठिकाने ईरान की परमाणु ताकत का अहम हिस्सा माने जाते हैं।
हमले के तुरंत बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा “हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई। सभी विमान सुरक्षित लौट आए हैं। दुनिया में कोई और सेना ऐसा नहीं कर सकती थी। अब समय है शांति का।”
इस ऑपरेशन में अमेरिका के अत्याधुनिक B-2 स्पिरिट स्टील्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया गया जो मिसूरी के व्हाइटमैन एयरबेस से उड़ान भरकर गुआम स्थित सैन्य अड्डे से ऑपरेट कर रहे थे।
ईरान का फोर्डो ठिकाना सबसे सुरक्षित माना जाता है जो एक पहाड़ी के अंदर जमीन से करीब आधा मील नीचे स्थित है। यहां बमों का पूरा पेलोड गिराए जाने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं बल्कि एक रणनीतिक चेतावनी भी है। अमेरिका ने इससे ईरान की परमाणु योजनाओं को कमजोर करने इजरायल को समर्थन देने और पश्चिम एशिया में अपनी मौजूदगी दिखाने का प्रयास किया है।
इस हमले के बाद क्षेत्र में हालात और गंभीर हो गए हैं। ईरान ने अमेरिका के मध्य पूर्व में मौजूद सैन्य अड्डों पर जवाबी हमले और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को बंद करने की धमकी दी है। वहीं यमन ने भी अमेरिका के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर दी है और कहा है कि लाल सागर से गुजरने वाले अमेरिकी जहाज अब निशाने पर होंगे।
स्थिति को देखते हुए पश्चिम एशिया में सैन्य तनाव अपने चरम पर पहुंच चुका है और आने वाले समय में हालात और बिगड़ सकते हैं।