ब्राजील से हार के बाद जापान के कोच ने झुकाया सिर माफी और सम्मान के इस जेस्चर ने जीत लिया दुनिया का दिल

NEW DELHI : FIFA WORLD CUP 2026 में जापान का सफर राउंड ऑफ-32 में ब्राजील के हाथों हार के साथ समाप्त हो गया। रोमांचक मुकाबले में जापान ने पहले हाफ में 1-0 की बढ़त बनाई थी लेकिन इंजरी टाइम में दो गोल खाकर 2-1 से मैच गंवा दिया। हालांकि हार के बाद जापानी टीम और उसके कोच हाजिमे मोरियासु का भावुक जेस्चर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
मैच समाप्त होने के बाद निराश खिलाड़ियों को कोच मोरियासु ने मैदान के बीच एकत्र किया और उन्हें भावुक संबोधन दिया। इसके बाद पूरी टीम जापानी समर्थकों के सामने पहुंची और सभी ने एक साथ सिर झुकाकर हार के लिए माफी मांगी तथा पूरे टूर्नामेंट में मिले समर्थन के लिए फैंस का आभार जताया।
जापानी टीम के इस सम्मानजनक व्यवहार का फैंस ने भी जोरदार स्वागत किया। स्टेडियम में मौजूद समर्थक अपनी सीटों से खड़े हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दुनियाभर के लोग टीम और उसके फैंस के बीच के इस खास रिश्ते की सराहना कर रहे हैं।
यह लगातार तीसरा फीफा विश्व कप है जिसमें जापान नॉकआउट मुकाबले में बढ़त हासिल करने के बावजूद जीत दर्ज नहीं कर सका। वर्ष 2022 में राउंड ऑफ-16 में क्रोएशिया के खिलाफ बढ़त के बाद टीम पेनल्टी शूटआउट में हार गई थी जबकि 2018 विश्व कप में बेल्जियम के खिलाफ 2-0 की बढ़त लेने के बावजूद 3-2 से मुकाबला गंवा दिया था।
कोच हाजिमे मोरियासु ने संकेत दिए हैं कि टीम अब अगले विश्व कप की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करेगी और बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ नई शुरुआत करेगी।
जापान के फैंस भी पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपनी अनुशासनप्रियता और स्वच्छता अभियान को लेकर चर्चा में रहे। हर मैच के बाद वे स्टेडियम में रुके अपने आसपास का कचरा खुद साफ किया और उसे डस्टबिन में डालकर खेल भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।

