54365

मुहर्रम को लेकर कपाली में प्रशासन का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

खबर को शेयर करें
54365


सरायकेला/कपाली: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कपाली ओपी क्षेत्र में प्रशासन की ओर से भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।

चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कपाली ओपी प्रभारी, कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल, सशस्त्र बल तथा त्वरित कार्रवाई बल (QRT) के जवान भी तैनात रहे।

फ्लैग मार्च की शुरुआत हरी मंदिर प्रांगण से हुई। इसके बाद यह मार्च कपाली टॉप चौक, मिल्लत नगर, रामू होटल समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कपाली थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद कर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में सहयोग की अपील की।

अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान और भाईचारे का प्रतीक पर्व है तथा इसे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि मुहर्रम के दौरान पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखी जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

फ्लैग मार्च के साथ अधिकारियों ने मुहर्रम जुलूस के प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण भी किया। इस दौरान बिजली के तारों की ऊंचाई, सड़क किनारे अतिक्रमण और अन्य संवेदनशील बिंदुओं का जायजा लिया गया। नगर परिषद के अधिकारियों को जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। साथ ही कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा। शांति समिति और अखाड़ा कमेटियों के साथ बैठक कर उनसे भी सहयोग का अनुरोध किया गया है।

फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।