आदित्यपुर न्यूज: काड़ा हत्याकांड पर भड़का लोगों का गुस्सा, न्याय की मांग को लेकर थाने का घेराव

आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह में हुए जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड के बाद रविवार को माहौल गरमा गया। मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने आदित्यपुर थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को ही दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि जगन्नाथ को पहले फोन कर घर से बाहर बुलाया गया और फिर पहले हथौड़े से हमला किया गया। इसके बाद तलवार और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। लोगों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और बच्चों के पालन-पोषण की व्यवस्था करने की भी मांग की। पुलिस ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

