रामगढ़ सदर अस्पताल में एसी में धमाका, समय रहते टला बड़ा हादसा

झारखंड के रामगढ़ सदर अस्पताल में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। अस्पताल के मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के बाहर लगे एसी में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद वहां आग लग गई। आग से पूरे ओटी परिसर और आसपास के हिस्से में धुआं भर गया। इससे कुछ समय के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर कई मरीज भर्ती थे, वहीं कुछ नवजात शिशु भी मौजूद थे। अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत बिजली की सप्लाई बंद की और स्थानीय लोगों की मदद से सभी मरीजों और नवजात बच्चों को सुरक्षित दूसरी जगह पहुंचा दिया। उनकी तेजी और सूझबूझ की वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम अस्पताल पहुंची। दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग बुझने के बाद भी काफी देर तक ओटी के आसपास धुआं फैला रहा, जिससे लोगों में डर का माहौल बना रहा।
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि शुरुआती जांच में एसी में खराबी के कारण आग लगने की बात सामने आई है। सभी मरीज सुरक्षित हैं और जिनका इलाज चल रहा था, उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है ताकि इलाज प्रभावित न हो।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मॉड्यूलर ओटी की बिजली व्यवस्था और एसी सिस्टम की तकनीकी जांच कराई जा रही है। शुरुआती अनुमान के अनुसार तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट इस घटना की वजह हो सकती है।

