टाटानगर स्टेशन पर मोबाइल चोरी करते बागबेड़ा का युवक गिरफ्तार, आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में बरामद हुआ चोरी का मोबाइल

जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा रामनगर निवासी विक्की गुप्ता (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बीती रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में ले लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई टाटानगर आरपीएफ पोस्ट कमांडर राकेश मोहन तथा जीआरपी थाना प्रभारी संतोष कुमार के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन परिसर में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे अपने सामान और मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें।

