जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में एबीवीपी की नई इकाई का गठन: आरती कुमारी बनीं अध्यक्ष, रजनी कुमारी को मिली मंत्री की जिम्मेदारी

जमशेदपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जमशेदपुर महानगर के अंतर्गत आज जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में संगठन की नई कॉलेज इकाई का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में एक संगठनात्मक बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें छात्र हितों और राष्ट्रवाद की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

सर्वसम्मति से कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें आरती कुमारी को कॉलेज अध्यक्ष और रजनी कुमारी को कॉलेज मंत्री मनोनीत किया गया।
इस इकाई गठन के अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित जमशेदपुर महानगर मंत्री अभिषेक कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा से छात्र हितों और परिसर की समस्याओं के समाधान के लिए अग्रणी रहा है। वर्कर्स कॉलेज की नई टीम कॉलेज के छात्रों की आवाज बनेगी और उनकी शैक्षणिक व प्रशासनिक समस्याओं को दूर करने का काम करेगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जमशेदपुर महानगर मंत्री अभिषेक कुमार, पूर्व विभाग संयोजक अभिषेक तिवारी, मानगो नगर मंत्री बप्पन, सौरभ ठाकुर और प्रेम सहित संगठन के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने नई टीम को जिम्मेदारी संभालते हुए छात्र शक्ति के रचनात्मक उपयोग और राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया।
नवनिर्वाचित कॉलेज अध्यक्ष आरती कुमारी और कॉलेज मंत्री रजनी कुमारी ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कॉलेज के विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा और परिसर के बेहतर वातावरण के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगी।


