IMG 20261118 WA0065

डेढ़ महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ अल कबीर और मस्जिद इस्लाम रोड का निर्माण, पार्षद आफरीन शेख ने EO को सौंपा ज्ञापन

खबर को शेयर करें
320388

कपाली:- वार्ड संख्या 07 की पार्षद श्रीमती आफरीन शेख ने 18 नवंबर 2026 को कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री गोपी कृष्णन से मुलाकात कर अल कबीर रोड और मस्जिद इस्लाम रोड का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने EO को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से पार्षद ने बताया कि दोनों सड़कों का शिलान्यास हुए करीब डेढ़ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। सड़कों की जर्जर स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दोनों सड़कों का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराने का आग्रह किया।

इस पर कार्यपालक पदाधिकारी श्री गोपी कृष्णन ने बताया कि अल कबीर रोड का टेंडर पहले निकाला गया था, लेकिन केवल एक व्यक्ति के टेंडर भरने के कारण उसे रद्द करना पड़ा। अब इस सड़क का दोबारा टेंडर कर दिया गया है और इसकी सूचना अखबारों में भी प्रकाशित की गई है।

वहीं, मस्जिद इस्लाम रोड के निर्माण में पानी की पाइपलाइन बिछाने के कारण देरी हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

इस दौरान पार्षद आफरीन शेख ने अपने वार्ड में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ-साथ अन्य सड़कों और नालियों का निर्माण कराने की भी मांग रखी।

मौके पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष शेख फरीद, झामुमो के वरिष्ठ नेता इकबाल अहमद और युवा नेता अरमान अली भी मौजूद थे।