जमशेदपुर के गोलमुरी में नाबालिग लड़की को बनाया बंधक, छुड़ाने गए परिजनों के साथ मारपीट व लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजदेव बगान केबुल बस्ती में गुरुवार को एक नाबालिग लड़की को बंधक बनाने और उसके परिजनों के साथ मारपीट व लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय सगुन कुमारी को पड़ोस में रहने वाले रोहित गुप्ता, रॉकी गुप्ता, पंकज गुप्ता और गुड़ी देवी ने दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा। जब पीड़िता के परिजन उसे छुड़ाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और महिला परिजनों के गहने भी छीन लिए।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों रोहित गुप्ता और रॉकी गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। बाकी दो आरोपी पंकज गुप्ता और गुड़ी देवी की तलाश जारी है।
पीड़िता की मां शोभा देवी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है। पहले भी आरोपी पक्ष से कई बार झगड़े की नौबत आ चुकी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।