53733

जमशेदपुर के कॉलेज में क्लासरूम तक पहुंचा देसी कट्टा, वायरल वीडियो के बाद तीन छात्र निष्कासित

खबर को शेयर करें
53733

जमशेदपुर: परसुडीह स्थित श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज में क्लासरूम के अंदर देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लाने का मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर 12वीं विज्ञान संकाय के तीन छात्रों को कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया है। घटना 19 जून की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंचा था। क्लासरूम में उसने अन्य छात्रों को हथियार दिखाया, जिसका वीडियो एक छात्र ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

वीडियो सामने आने के बाद शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया था। हालांकि, वीडियो की जांच के बाद प्राचार्य और शिक्षकों ने इसकी पुष्टि की। जांच में पता चला कि वीडियो में दिखाई देने वाले सभी छात्र कॉलेज के ही 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी हैं।

कॉलेज प्रशासन की पूछताछ में हथियार लाने वाले छात्र ने स्वीकार किया कि कुछ समय पहले छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद वह अपना रौब और दबदबा दिखाना चाहता था। इसी वजह से वह कॉलेज में हथियार लेकर आया था। छात्र ने यह भी बताया कि उसे यह हथियार उसके इलाके के एक परिचित युवक ने दिया था।

कॉलेज के प्राचार्य एस.सी. महतो ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद मामला सही पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वीडियो में शामिल तीनों छात्रों को कॉलेज से निष्कासित करने का फैसला लिया गया है।

प्राचार्य ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कॉलेज परिसर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही छात्रों के बीच अनुशासन और जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।