जमशेदपुर के गोविंदपुर में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत…

जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनपीटा स्थित साई मंदिर के पीछे बने तालाब में नहाने के दौरान एक 10 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मनपीटा निवासी बहादूर मुंडा के बेटे के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि बच्चा तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे पानी से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग बच्चे को लेकर टेल्को अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। वहीं गोविंदपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


