NEET 2025 में नंबर बढ़ाने का झांसा देकर मांग रहे थे 90 लाख, CBI ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार…

खबर को शेयर करें
1000200678

Azad Reporter desk: मेडिकल परीक्षा NEET UG 2025 में स्कोर बढ़ाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो लोगों को CBI ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उम्मीदवारों और उनके माता-पिता से मोटी रकम लेकर यह दावा कर रहे थे कि वे NTA अधिकारियों से संपर्क में हैं और कम नंबर वाले छात्रों के मार्क्स बढ़वा सकते हैं।

CBI ने इस मामले में 9 जून को केस दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपियों के नाम संदीप शाह (सोलापुर निवासी) और सलीम पटेल (नवी मुंबई निवासी) हैं। सलीम पटेल नवी मुंबई में एक एडमिशन कंसल्टेंसी चलाता था जबकि संदीप शाह मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में माता-पिता से मिल रहा था और फर्जी दावे कर रहा था।

CBI की जांच में पता चला कि संदीप शाह एक अभ्यर्थी से 90 लाख रुपये मांग रहा था जिसे बाद में 87.5 लाख रुपये तक घटा दिया गया। उसने भरोसा दिलाया था कि रिजल्ट आने से 6 घंटे पहले वह बदल कर मार्क्स भेज देगा।

जांच में दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन से कई OMR शीट, एडमिट कार्ड, रोल नंबर और हवाला से पैसों के लेन-देन से जुड़े चैट्स मिले हैं। साथ ही पुणे के एक अन्य कंसल्टेंसी संचालक से भी इनके संपर्क की बात सामने आई है।

CBI ने संदीप शाह को 9 जून को मुंबई से और सलीम पटेल को 10 जून को सांगली से गिरफ्तार किया। दोनों को CBI की विशेष अदालत मुंबई में पेश किया गया, जहां पहले 13 जून तक रिमांड दी गई थी और अब 16 जून तक बढ़ा दी गई है।

अब तक की जांच में किसी भी सरकारी अधिकारी या NTA कर्मी का नाम इनसे जुड़ा नहीं मिला है। ये लोग महज झूठा दावा करके अभिभावकों को गुमराह कर रहे थे। मामले की CBI जांच अभी भी जारी है।