1000271318

JHARKHAND : जमशेदपुर पूर्वी में SIR प्रक्रिया के लिए 51 सहायता शिविर विधायक पूर्णिमा साहू ने मतदाताओं से की सहयोग लेने की अपील

खबर को शेयर करें
1000271318

JAMSHEDPUR : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को सहायता उपलब्ध कराने के लिए जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विधायक पूर्णिमा साहू के निर्देश पर कमल सहयोग समिति का गठन किया गया है। इसके तहत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बस्ती और आवासीय इलाकों में कुल 51 सहायता शिविर लगाए जाएंगे, जहां मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने समेत अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग दिया जाएगा।

विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि 5 जुलाई से 12 जुलाई तक विधानसभा क्षेत्र के निर्धारित 51 स्थानों पर कमल सहयोग समिति के शिविर संचालित होंगे। प्रत्येक मंडल में अलग-अलग स्थानों को चिन्हित किया गया है और उनके लिए प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। हर शिविर में चार कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे जो मतदाताओं को फॉर्म भरने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सहायता करेंगे।

उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत वर्ष 2024 की मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं को बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा गणना प्रपत्र की दो मुद्रित प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैपिंग हुई हो या नहीं सभी मतदाताओं के लिए निर्धारित गणना प्रपत्र भरना अनिवार्य है।

विधायक ने कहा कि फॉर्म में मतदाता का नाम, बूथ संख्या, पता और अन्य आवश्यक विवरण पहले से दर्ज होंगे तथा फोटो भी लगी होगी। ऐसे में फॉर्म भरते समय सभी जानकारियां सही और सावधानीपूर्वक दर्ज करें ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने मतदाताओं से एक प्रति रिसीविंग के साथ अपने पास सुरक्षित रखने की भी अपील की।

उन्होंने जानकारी दी कि फॉर्म भरने और जमा करने की प्रक्रिया 29 जुलाई तक चलेगी। फिलहाल फॉर्म के साथ किसी भी प्रकार के दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी मतदाताओं से पहले से दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखने की अपील की ताकि बीएलओ द्वारा फॉर्म उपलब्ध कराए जाने पर उनका उपयोग किया जा सके।

पूर्णिमा साहू ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में कमल सहयोग समिति के शिविरों का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के प्रत्येक पात्र मतदाता को इस अभियान के दौरान हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।