24 घंटे में रांची पुलिस की बड़ी सफलता 100 CCTV कैमरे खंगालकर बिहार के बरौनी से 3 लापता बच्चों को सकुशल बरामद

खबर को शेयर करें
1000266478

Ranchi: राजधानी रांची में बच्चों की गुमशुदगी के बढ़ते मामलों के बीच रांची पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र से लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बिहार के बरौनी से सकुशल बरामद कर लिया। फिलहाल तीनों बच्चे रांची पुलिस की निगरानी में हैं और उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने रांची पुलिस का आभार जताया है।

जानकारी के अनुसार बच्चों के लापता होने की सूचना देर रात अरगोड़ा थाना पुलिस को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सतीश गोराई ने तत्काल इसकी जानकारी एसएसपी राकेश रंजन को दी। एसएसपी के निर्देश पर तुरंत आठ विशेष टीमों का गठन किया गया और व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान बच्चों की गतिविधि अरगोड़ा रेलवे स्टेशन की ओर जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद पुलिस की टीम तत्काल बिहार के लिए रवाना हुई और बरौनी पहुंचकर तीनों नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने बच्चों के सुरक्षित मिलने की सूचना उनके परिजनों को दी जिसके बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने त्वरित कार्रवाई और 24 घंटे के भीतर बच्चों को सुरक्षित ढूंढ़ निकालने के लिए रांची पुलिस और पूरी टीम का धन्यवाद किया।