59367

एनएच-33 पर दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार लुला सिंह की मौत

खबर को शेयर करें
59367

चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर बिरीगोड़ा स्थित विक्टोरिया पैलेस के सामने रविवार शाम करीब 7 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 37 वर्षीय लुला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रामगढ़ के रहने वाले थे।

59227

जानकारी के अनुसार, लुला सिंह अपनी बाइक (जेएच-05यू-3626) से रामगढ़ से आसानबनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि लुला सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने झामुमो नेता दिलीप महतो को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना पर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों की मदद से पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन की तलाश कर रही है।

बताया गया कि लुला सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में वृद्ध मां, पत्नी और 10 वर्षीय पुत्र हैं। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एनएचएआई की लापरवाही पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि संबंधित यू-टर्न पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण इस क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा सड़क सुरक्षा के लिए स्थायी और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।