मानगो की 19 बस्तियां बाढ़ में डूबीं, नगर निगम पर लापरवाही के आरोप…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण जलजमाव की गंभीर स्थिति बन गई है। नगर निगम की लापरवाही से नाराज़ लोगों का कहना है कि सालों से नालों की सफाई नहीं हुई जिससे बारिश का पानी बाहर नहीं निकल सका और बस्तियों में घुस गया।
बारिश के बाद मानगो की 19 से अधिक बस्तियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। प्रभावित इलाकों में गुड्डू धोबी लाइन, कुमार बस्ती, वारिस कॉलोनी, टी खान मैदान, नित्यानंद कॉलोनी, देशबंधु लाइन, कालिका नगर, हयात नगर, चंद्रप्रभा नगर, डिमना रेजिडेंसी, कृष्णा नगर, शांति नगर, लक्ष्मण नगर, वास्तु विहार, गौड़ बस्ती, रामनगर, श्याम नगर, मून सिटी का निचला इलाका और राजीव पथ शामिल हैं।
इसके अलावा आस्था सिटी, ऑप्टिमस टावर, गुलमोहर अपार्टमेंट जैसी कई सोसायटी भी पानी में डूबी हुई हैं।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम से कोई मदद नहीं मिल रही। मजबूर होकर लोगों ने खुद चंदा इकट्ठा कर पंपसेट मंगवाए और जलनिकासी की व्यवस्था की।
नगर निगम के सफाई सुपरवाइजर ने सफाई कार्य न हो पाने का कारण मजदूरों की कमी को बताया।नगर निगम की ओर से उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने सहायक नगर आयुक्त अरविंद प्रसाद अग्रवाल और आकिब जावेद के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान लोग नगर निगम के खिलाफ नाराज़गी जाहिर करते नजर आए और पूछा कि मानसून से पहले नालों की सफाई क्यों नहीं करवाई गई।निरीक्षण किए गए क्षेत्रों में लक्ष्मण नगर, श्याम नगर, रामनगर, चाणक्यपुरी, डिमना और ज़ाकिर नगर प्रमुख रहे। उप नगर आयुक्त ने शेल्टर होम की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए लोगों से अपील की कि वे अस्थाई राहत शिविरों में सुरक्षित रहें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। नदी से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित होने की सलाह दी गई है। माइकिंग के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
नगर निगम की लापरवाही और समय पर नाला सफाई नहीं होने से मानगो क्षेत्र के लोग परेशान हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर राहत कार्य शुरू तो किए हैं, लेकिन जब तक स्थायी समाधान नहीं होगा हर साल ऐसी स्थिति दोहराए जाने की आशंका बनी रहेगी।