Jamshedpur Rural Area:- पटमदा में सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत, तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुई बाइक

पटमदा: पटमदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा बेलटांड़-जोड़सा रोड पर पोकलाबेड़ा गांव के पास एक तीखे मोड़ पर हुआ, जहां अनियंत्रित होकर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान पटमदा के तुंगबुरू गांव निवासी सारी धरम माण्डी के रूप में हुई है। घटना के बाद किशोर देर रात तक घटनास्थल पर पड़ा रहा और उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे सारी धरम माण्डी बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पोकलाबेड़ा गांव के पास तीखे मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शनिवार सुबह एमजीएम अस्पताल भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि की।
मृतक के चचेरे भाई सुनाराम माण्डी ने बताया कि सारी धरम उनके चाचा तियाड़ी माण्डी का इकलौता बेटा था। शुक्रवार को वह अकेले अपनी बड़ी बहन की ससुराल बांसतोला गांव गया था। वहां से शाम को घर लौटने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गया।
शनिवार सुबह परिजनों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे एमजीएम अस्पताल पहुंचे। इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है।


