चाकुलिया की लोधाशोली पंचायत में 15 सोलर जलापूर्ति योजनाएं बंद, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण

जमशेदपुर (ग्रामीण क्षेत्र): चाकुलिया प्रखंड की लोधाशोली पंचायत में सोलर आधारित जलापूर्ति योजनाओं के बंद पड़े रहने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के विभिन्न गांवों में स्थापित 15 सोलर जलापूर्ति योजनाएं कई महीनों से खराब पड़ी हैं लेकिन अब तक उनकी मरम्मत और संचालन को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
पंचायत समिति सदस्य के प्रतिनिधि जगदीश गोप ने बताया कि बंद पड़ी जलापूर्ति योजनाओं को दुरुस्त कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है। इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार लोधाशोली पंचायत के कई गांवों में कुल 15 सोलर जलापूर्ति योजनाएं बंद हैं। इनमें लोधाशोली गांव में 3, कोलबादिया में 3, खाड़बांधा में 1, कटाशमारा में 1, आमलागोड़ा में 2, निमडीहा में 2, कलशीमुग गांग में 1, देवशोल में 1 तथा राजबांध गांव में 1 योजना शामिल है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और उमस भरे मौसम में जलापूर्ति व्यवस्था ठप रहने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। कई परिवारों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जगदीश गोप ने संबंधित विभाग से सभी खराब सोलर जलापूर्ति योजनाओं की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों का पेयजल संकट और गहरा सकता है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।

