धातकीडीह तालाब के पास खुद को आग लगाने वाले वृद्ध की इलाज के दौरान मौत पुलिस जांच में जुटी

JAMSHEDPUR : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह तालाब के पास खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगाने वाले 70 वर्षीय अब्दुल सत्तार खान की इलाज के दौरान एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार कपाली गौसनगर निवासी अब्दुल सत्तार खान आग लगने से लगभग 100 प्रतिशत तक झुलस गए थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया लेकिन उनकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि अब्दुल सत्तार खान लंबे समय से अस्थमा की बीमारी से पीड़ित थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी बेटी के साथ रह रहे थे। परिवार के अनुसार पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया था। अब उनकी मौत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं बुजुर्ग के निधन की खबर से परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।


