Jamshedpur: मानगो मेडिकल स्टोर में जेबकटी, ग्राहक के 12 हजार से अधिक रुपये उड़ाए, घटना CCTV में कैद…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में चोरी और जेबकटी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार देर शाम मानगो थाना क्षेत्र के चेपापुल के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर में ऐसी ही वारदात हुई। दवा लेने पहुंचे ग्राहक की जेब से उचक्के ने 12 हजार 300 रुपये निकाल लिए। यह पूरी घटना मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक पारडीह निवासी वीरेंद्र यादव शनिवार रात करीब 8:05 बजे डिस्काउंट मेडिकल स्टोर पर दवा खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने काउंटर पर पर्ची देकर दवा ली और उसकी जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक चुपके से उनके पीछे खड़ा हो गया और बड़ी सफाई से उनकी जेब से नकदी निकाल ली।
दवा लेने के बाद जब वीरेंद्र यादव भुगतान करने पहुंचे तो उन्हें जेब से पैसे गायब होने की जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत मेडिकल स्टोर संचालक को घटना बताई। इसके बाद स्टाफ ने CCTV फुटेज देखा जिसमें आरोपी की हरकत साफ दिखाई दी।
घटना की सूचना मानगो पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

