पश्चिमी सिंहभूम में वृद्ध की गला रेतकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी…

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के लोहा लंदीर डोबरोबासा गांव में मंगलवार रात एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कोरो तांती के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कोरो तांती रात में शौच के लिए घर से निकले थे लेकिन फिर घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिले। बुधवार की सुबह उनके शव की खोज के दौरान घर से थोड़ी दूरी पर खेत में पाया गया। मृतक का गला रेतकर हत्या की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। परिजनों का कहना है कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि हत्या क्यों की गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।

